फर्जी प्रमाणपत्रों से MBBS में दाखिला कराने के मामले में तीन और गिरफ्तार, अब तक आठ आरोपी पकड़े गए

अपराध उत्तराखण्ड

बेटियों के मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए कूटरचित दस्तावेज बनवाने का आरोप, प्रमाणपत्रों के बदले 55 लाख रुपये देने की बात आई सामने

देहरादून। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एमबीबीएस में दाखिला कराने के मामले में एसआईटी ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी प्रवीण कुमार, हरिद्वार निवासी जगपाल सिंह और बिजनौर निवासी रामपाल सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि तीनों ने अपनी बेटियों को मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र और आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज कूटरचित तरीके से तैयार कराए थे। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

एसएसपी के निर्देश पर एसपी ग्रामीण-1 जया बलूनी के नेतृत्व में गठित एसआईटी मामले की जांच कर रही है। बीती 13 सितंबर को रायपुर और क्लेमेनटाउन थानों में सरकारी पोर्टल पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र बनवाने के लिए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ऑनलाइन आवेदन करने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान अभ्यर्थियों की ओर से जमा कराए गए दस्तावेज फर्जी पाए गए।

ये भी पढ़ें:  बैठक से नदारद रहे जिला समाज कल्याण अधिकारी, डीएम ने थमाया कारण बताओ नोटिस

एजुकेशन कंसल्टेंट के जरिए तैयार कराए दस्तावेज

एसआईटी की पूछताछ में प्रवीण कुमार और जगपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटियों खुशी और स्वाति के एमबीबीएस में दाखिले के लिए पहले गिरफ्तार किए जा चुके एजुकेशन कंसल्टेंट रूपेश पंडित से संपर्क किया था। पुलिस के अनुसार, रूपेश मेरठ में मिकोडो (एमईसीओडीओ) पाठशाला नाम से कंपनी संचालित करता था। वह निजी विश्वविद्यालयों और विदेशों में विभिन्न पाठ्यक्रमों में कमीशन के आधार पर दाखिला दिलाने का काम करता था।

ये भी पढ़ें:  तीन साल तक धमकाकर युवती का करता रहा शोषण, आरोपी गिरफ्तार

आरोप है कि प्रवीण और जगपाल ने अपनी बेटियों के लिए फर्जी आधार कार्ड, निवास प्रमाणपत्र और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र तैयार करवाए। इन दस्तावेजों के आधार पर खुशी का मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराया गया, जबकि स्वाति को नीट काउंसलिंग में शामिल कराया गया था। पुलिस के मुताबिक, प्रमाणपत्र बनवाने के एवज में प्रवीण ने रूपेश को 25 लाख रुपये और जगपाल ने 30 लाख रुपये दिए थे।

बेटी के दाखिले के लिए परिचित के साथ बनाई योजना

तीसरे आरोपी रामपाल सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने परिचित विशाल कुमार के साथ मिलकर बेटी तृप्ति के एमबीबीएस में दाखिले के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए थे। इनमें स्थायी निवास प्रमाणपत्र, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र और आधार कार्ड शामिल थे। पुलिस के अनुसार, इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर तृप्ति का हरिद्वार स्थित जीएमसी मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराया गया।

ये भी पढ़ें:  खेल महाकुम्भ में 3.35 लाख खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, देहरादून बना मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का विजेता

शिक्षण संस्थानों से जुटाए साक्ष्य

जांच के दौरान एसआईटी ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों में दर्ज पतों का सत्यापन कराया तो वे गलत पाए गए। इसके बाद टीम ने संबंधित शिक्षण संस्थानों से दाखिले से जुड़े दस्तावेज कब्जे में लेकर उनकी जांच की। जांच में अभ्यर्थियों के वास्तविक पतों की जानकारी सामने आई। इसके आधार पर तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया।

एसआईटी के अनुसार, मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *