देहरादून में 14 लाख रुपये की लूट, इंद्रेश अस्पताल के पास बाइक सवार बदमाशों ने वाहन घेरकर की मारपीट

अपराध उत्तराखण्ड

जमीन का सौदा कर नकदी लेकर लौट रहे व्यक्ति को बनाया निशाना, तीन नामजद समेत पांच-छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजधानी देहरादून में छोटी दिवाली की शाम लूट की एक वारदात सामने आई है। पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास बाइक और एक्टिवा सवार युवकों ने एक वाहन को घेरकर उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट की और 14 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत पांच-छह लोगों के खिलाफ लूट और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें:  मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू झांसी से गिरफ्तार, 15 अक्टूबर से चल रहे थे फरार

पुलिस के अनुसार, रायवाला के हरिपुर कलां स्थित राणा कॉलोनी निवासी राजेश कुमार सोनी (45) शनिवार को पथरी बाग में एक प्लॉट के सौदे के सिलसिले में दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद लेकर लौट रहे थे। वाहन में उनके साथ दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर भी मौजूद थे।

बताया गया कि दोपहर करीब 3:40 बजे उनका वाहन इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर आए पांच-छह युवकों ने वाहन को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने वाहन सवार लोगों के साथ मारपीट की और पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा बैग उठाकर फरार हो गए।

ये भी पढ़ें:  बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों में फिर भड़की आग, स्काई शॉट पटाखे से जंगल में फैली लपटें

तीन आरोपियों को किया नामजद

घटना के बाद पीड़ित ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। राजेश कुमार सोनी ने अपनी शिकायत में सिद्धांत बडोनी, कार्तिक भाटिया और दीपक सिंह शेखावत को नामजद किया है। इसके अलावा चार-पांच अन्य लोगों के भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है।

ये भी पढ़ें:  जवानों के बीच पहुंचे सीएम धामी, अपने हाथों से मिठाई खिलाकर मनाई दीपावली

पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद जानकारी जुटाने पर इन आरोपियों के नाम सामने आए। पुलिस ने रविवार दोपहर उनकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पटेलनगर कोतवाली के थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *