उत्तराखंड में पंचायत उपचुनाव का ऐलान, 3922 पदों पर 12 अक्टूबर को मतदान

उत्तराखण्ड

14 अक्टूबर को होगी मतगणना, चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू

देहरादून। उत्तराखंड में खाली पड़े पंचायत पदों को भरने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रदेश में ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल 3922 पदों पर चुनाव कराया जाएगा। इन पदों के लिए 12 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 14 अक्टूबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।

ये भी पढ़ें:  ब्लॉक प्रमुखों को फिर मिलेगी क्षेत्र पंचायत निधि, मानदेय-भत्ते बढ़ाने की भी तैयारी: सीएम धामी

ग्राम पंचायत सदस्य के 3890 पद

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार उपचुनाव में ग्राम पंचायत सदस्य के 3890, ग्राम प्रधान के 23 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 9 पद शामिल हैं। हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के अन्य 12 जिलों में वर्ष 2025 में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराए गए थे। चुनाव के बाद विभिन्न कारणों से रिक्त हुए पदों को भरने के लिए अब उपचुनाव कराया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  खेल महाकुम्भ में 3.35 लाख खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, देहरादून बना मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का विजेता

30 सितंबर और 1 अक्टूबर को नामांकन

उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया 26 सितंबर से शुरू हो चुकी है। प्रत्याशी 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक संबंधित निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 3 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 4 अक्टूबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।

इसके बाद 5 अक्टूबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 12 अक्टूबर को मतदान और 14 अक्टूबर को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें:  देहरादून में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में लगी गोली

प्रशासन ने शुरू की चुनावी तैयारियां

चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही जिलों में निर्वाचन संबंधी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, कार्मिकों की तैनाती, मतपत्रों की तैयारी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। आयोग ने निर्धारित समयसीमा के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के लिए जिला प्रशासन और निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *