नंदा देवी मेले में झूले की ट्रॉली टूटी, दो घायल; युवक हल्द्वानी रेफर

उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा। नंदा देवी महोत्सव के तहत एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज मैदान में चल रहे मेले में बुधवार देर शाम झूले की एक ट्रॉली टूटकर जमीन पर गिर गई। हादसे में झूले में सवार एक युवक और महिला घायल हो गए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को गंभीर चोटों के चलते हल्द्वानी रेफर कर दिया गया, जबकि महिला को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेले के अंतिम दिन होने के कारण एडम्स मैदान में देर रात तक बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। झूलों पर भी काफी भीड़ थी। इसी दौरान झूले का एक राउंड पूरा होने के बाद दूसरे राउंड में जमीन के नजदीक पहुंचते ही एक ट्रॉली टूटकर नीचे जा गिरी। ट्रॉली में दो लोग सवार थे।

ये भी पढ़ें:  आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप तैयारी पूरी करने के निर्देश, मतदान केंद्रों पर बिजली-पानी समेत सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा

हादसे में खोल्टा निवासी मोहित परिहार और लोअर मॉल रोड निवासी दीपा आर्या घायल हुए। मोहित के एक पैर में दो जगह फ्रैक्चर और दूसरे पैर में डिसलोकेशन बताया गया है। उन्हें रात में ही जिला अस्पताल से हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। वहीं दीपा के पैर में चोट और सूजन आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

घायल युवक ने लगाया लापरवाही का आरोप

मोहित परिहार ने आरोप लगाया कि झूले की ट्रॉली में उनके साथ एक महिला भी बैठी थी और सभी ट्रॉलियां भरी हुई थीं। उनके मुताबिक, दूसरे राउंड के दौरान जमीन के नजदीक पहुंचते ही ट्रॉली टूट गई और वह उसके नीचे दब गए। उन्होंने घटना को झूला संचालन में लापरवाही बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें:  उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को मिली रफ्तार, पांच साल में 1,759 करोड़ रुपये का निवेश

वहीं घायल महिला दीपा आर्या ने भी पुलिस और प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।

कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों में आक्रोश

हादसे के बाद मेले में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों ने मेला और झूला संचालन से जुड़े जिम्मेदारों की भूमिका की जांच कराने, घायलों के उपचार का खर्च दिलाने और उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

ये भी पढ़ें:  उत्तराखंड के 98 शहरों का होगा कायाकल्प, जल्द तैयार होंगे मास्टर प्लान

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

एसडीएम अल्मोड़ा संजय कुमार के अनुसार, हादसे में घायल लोगों का उपचार कराया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *