भूमि की नाप के लिए 30 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, विजिलेंस ने रंगे हाथ दबोचा

अपराध उत्तराखण्ड

धारी तहसील में कार्रवाई, शिकायतकर्ता ने 1064 हेल्पलाइन पर की थी शिकायत

हल्द्वानी: नैनीताल जिले की धारी तहसील में विजिलेंस टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि पटवारी ने भूमि की नाप कराने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने जांच की और आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर ट्रैप की कार्रवाई की।

ये भी पढ़ें:  उत्तरकाशी में सौर परियोजनाओं के आवंटन पर उठे सवाल, 81 में से 67 प्लांट स्थापित

1064 पर की गई थी शिकायत

जानकारी के मुताबिक, धारी तहसील क्षेत्र के मौड़ा गांव निवासी एक व्यक्ति अपनी भूमि की नाप कराने के लिए पटवारी निर्मल बोरा के संपर्क में आया था। आरोप है कि भूमि की नाप के बदले पटवारी ने उससे 30 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर इसकी शिकायत दर्ज कराई।

जांच के बाद गठित की गई ट्रैप टीम

शिकायत मिलने पर विजिलेंस ने मामले की जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप टीम गठित की गई।

ये भी पढ़ें:  तीन साल तक धमकाकर युवती का करता रहा शोषण, आरोपी गिरफ्तार

रकम लेते ही विजिलेंस ने पकड़ा

26 सितंबर को हल्द्वानी विजिलेंस की टीम ने धारी तहसील में ट्रैप की कार्रवाई की। शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ पटवारी के पास भेजा गया। आरोप है कि जैसे ही निर्मल बोरा ने 30 हजार रुपये लिए, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।

ये भी पढ़ें:  दीपावली पर वेतन नहीं मिला तो कर्मचारियों ने परिसर में मांगी भीख, समान वेतन के लिए किया प्रदर्शन

विजिलेंस निदेशक ने टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की

कार्रवाई के बाद सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वाले कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति है। निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

विजिलेंस ने लोगों से भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें सामने लाने की अपील की है। शिकायतें 1064 टोल फ्री हेल्पलाइन और 9456592300 व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर दर्ज कराई जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *