टिहरी में दर्दनाक हादसा: 250 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत; एक घायल, एक की तलाश जारी

उत्तराखण्ड

टिहरी गढ़वाल, 7 अगस्त। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडचार (कुंडधार) के समीप हुआ, जहां एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि वाहन संख्या UK08 BL 0387 देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही देवप्रयाग थाना पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला।

ये भी पढ़ें:  जमीन विवाद में नाम घसीटे जाने पर भड़कीं दीप्ति रावत, बोलीं- सम्मान के लिए जाऊंगी कोर्ट

घूमने निकला परिवार, मातम में बदली खुशियां

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरिद्वार के रायपुर जीतपुर निवासी अफजाल अपने परिवार के साथ पौड़ी क्षेत्र घूमने जा रहे थे। कुंडचार के पास अचानक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पांच की मौत, एक गंभीर घायल

हादसे में अफजाल (49), गुफरान (34), सब्बू (40), अनामिया (3) और शादाब (14) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 16 वर्षीय अरम पुत्र अफजाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा, जहां उसका उपचार जारी है।

ये भी पढ़ें:  श्रीनगर में सीएम धामी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, 9.13 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

एक व्यक्ति की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, बोलेरो में सवार एक अन्य व्यक्ति का अभी तक पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीमें खाई में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाकर लापता व्यक्ति की तलाश कर रही हैं।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर तकनीकी खराबी, तेज रफ्तार या अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें:  चारधाम हेली सेवाओं पर DGCA की नई सख्ती, अब दो पायलटों के बिना नहीं उड़ेंगे हेलीकॉप्टर

मृतकों की सूची

  • अफजाल (49), पुत्र अकबर सूफी, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार
  • गुफरान (34), पुत्र अकबर, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार
  • सब्बू (40), पत्नी अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार
  • अनामिया (3), पुत्री अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार
  • शादाब (14), पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार

घायल

  • अरम (16), पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार (उपचाररत)

लापता

  • बोलेरो में सवार एक अन्य व्यक्ति की तलाश एसडीआरएफ और पुलिस द्वारा जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *