देहरादून के छह इलाकों के एटीएम से 5.61 लाख की अवैध निकासी

उत्तराखण्ड

साइबर सेल की जांच में खुलासा, म्यूल अकाउंट से कई किस्तों में निकाली गई रकम

देहरादून। एसटीएफ के सात दिवसीय ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ के बावजूद साइबर ठगी से जुड़े मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली डालनवाला क्षेत्र का है, जहां अलग-अलग इलाकों में स्थित विभिन्न बैंकों के एटीएम से 5.61 लाख रुपये से अधिक की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। साइबर सेल की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें:  गंगा किनारे दो नवजात बच्चियों के शव मिलने से सनसनी

छह क्षेत्रों के एटीएम से निकाली रकम

जांच में सामने आया कि रकम करनपुर, ईसी रोड, राजपुर रोड, दर्शन लाल चौक, सर्कुलर रोड और 5th क्रॉस रोड स्थित एटीएम से निकाली गई। आरोपियों ने किसी एक एटीएम को निशाना बनाने के बजाय अलग-अलग क्षेत्रों में लगे विभिन्न बैंकों के एटीएम से कई बार में रकम निकाली।

साइबर सेल की रिपोर्ट के अनुसार SBI, यूको बैंक, केनरा बैंक, साउथ इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से कुल 5,61,256.53 रुपये निकाले गए।

ये भी पढ़ें:  औली में ‘युद्ध अभ्यास-2026’, भारत-अमेरिकी सैनिकों ने किया आतंकवाद रोधी प्रशिक्षण

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

साइबर सेल से रिपोर्ट मिलने के बाद करनपुर चौकी प्रभारी की तहरीर पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ BNS की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस संबंधित एटीएम की जानकारी जुटाने के साथ वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर रकम निकालने वाले संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

म्यूल अकाउंट से निकासी का खुलासा

उपनिरीक्षक विक्की टम्टा के अनुसार, एटीएम से रकम म्यूल अकाउंट के जरिए निकाली गई। म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खातों को कहा जाता है, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराध में प्राप्त रकम को रखने या आगे ट्रांसफर करने के लिए किया जाता है।

ये भी पढ़ें:  उपनल कार्मिकों को मिलेगा न्यूनतम वेतन और महंगाई भत्ते का लाभ, तीन चरणों में होगी प्रक्रिया

डालनवाला कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि उपनिरीक्षक विक्की टम्टा की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और निकासी में शामिल लोगों की पहचान के साथ रकम निकालने के तरीके का भी पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *