बीरोंखाल में भीषण भूस्खलन से मोटरमार्ग बंद, चट्टानों और मलबे ने बढ़ाई दहशत

उत्तराखण्ड

पौड़ी गढ़वाल। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बीरोंखाल ब्लॉक के मैठाणाघाट-ग्वीन-रसियादेव मोटरमार्ग पर भीषण भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पहाड़ी से लगातार चट्टानें और भारी मलबा सड़क पर गिरने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।

भूस्खलन का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ से मलबा और चट्टानों के गिरने का भयावह दृश्य दिखाई दे रहा है। अचानक हुए भूस्खलन से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि जिस समय मलबा सड़क पर गिरा, उस दौरान वहां कोई वाहन मौजूद नहीं था और बड़ा हादसा टल गया।

ये भी पढ़ें:  को-पायलट अनिवार्य करने के फैसले पर हेली ऑपरेटरों का विरोध, आज से चार्टर्ड सेवा बंद करने का एलान

500 की आबादी पर बढ़ी आवाजाही की परेशानी

बीरोंखाल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश कंडारी ने बताया कि इस मोटरमार्ग से कई गांव जुड़े हुए हैं, जहां करीब 500 लोग रहते हैं। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, गांवों तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है, लेकिन इससे करीब 4 से 5 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

ये भी पढ़ें:  ब्लॉक प्रमुखों को फिर मिलेगी क्षेत्र पंचायत निधि, मानदेय-भत्ते बढ़ाने की भी तैयारी: सीएम धामी

मौसम साफ होते ही शुरू होगा मलबा हटाने का काम

लगातार बारिश के कारण सड़क पर बार-बार मलबा आने से राहत एवं बहाली कार्य प्रभावित हो रहा है। पीएमजीएसवाई बैजरों के अधिशासी अभियंता पान सिंह बिष्ट ने बताया कि मौसम साफ होते ही जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया जाएगा। इसके बाद मार्ग को जल्द से जल्द वाहनों की आवाजाही के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  चारधाम हेली सेवाओं पर DGCA की नई सख्ती, अब दो पायलटों के बिना नहीं उड़ेंगे हेलीकॉप्टर

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही भूस्खलन की घटनाओं ने ग्रामीणों और यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और संबंधित विभाग मार्ग की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *